
10 जुलाई से 3 दिवसीय भव्य आयोजन की तैयारी
बस्तर अपडेट । दंतेवाड़ा
। दिव्य जीवन संघ आश्रम गुमरगुंडा में आश्रम संस्थापक ब्रह्मलीन परम पूज्य श्री स्वामी सदाप्रेमानंद सरस्वती जी की मूर्ति स्थापना की तैयारी की जा रही है। इसके लिए तीन दिवसीय भव्य स्थापना महोत्सव 10 से 12 जुलाई 2026 तक आयोजित किया जाएगा। इस तीन दिवसीय आयोजन में रोजाना विविध अनुष्ठान संपन्न होंगे।
तय कार्यक्रम
आषाढ़ कृष्ण दशमी दिनांक 10 जुलाई शुक्रवार को दश विधि कलश यात्रा, गणपति पूजन व मंडल स्थापना धान्याधिवास, आषाढ़ कृष्ण द्वादशी 11 जुलाई शनिवार को पूजन, हवन, मूर्तिवास, आषाढ़ कृष्ण त्रयोदशी 12 जुलाई रविवार को, अभिषेक, मूर्ति स्थापना, पूर्णाहुति, आरती महाप्रसादी होगी। इसके अलावा ॐ नमः शिवाय संकीर्तन रात्रि में 3.00 घंटे तक चलेगा। रोजाना सुबह प्रभातफेरी निकलेगी।
अधिक से अधिक सहभागिता का आग्रह
श्री शिवानंद आश्रम दिव्य जीवन संघ शाखा गुमरगुण्डा ने इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील श्रद्धालुओं से की है। ज्ञात हो कि लखमू बाबा के नाम से प्रसिद्ध स्वामी सदा प्रेमानंद जी ने गुमरगुंडा की सुरम्य वादियों में आश्रम की स्थापना कर क्षेत्र में नशामुक्ति और शिक्षा के प्रसार का अभियान शुरू किया था। गुमरगुंडा में साधना कर वैराग्य प्राप्त होने पर उन्होंने शिक्षक की सरकारी नौकरी को त्यागकर दीक्षा ले लिया था। उनके द्वारा शुरू किए गए गुरुकुल में आज भी वनांचल के बच्चे रहकर स्कूली पढ़ाई करते हैं।
