दक्षिण बस्तर में चावल संकट..!! ( शब्द बाण -162)

दक्षिण बस्तर में चावल संकट..!! ( शब्द बाण -162)

साप्ताहिक व्यंग्य कॉलम शब्द बाण भाग – 162
15 नवंबर 2026
शैलेन्द्र ठाकुर । दंतेवाड़ा

संवेदना गायब…
बस्तर के नगरनार में एनएमडीसी के स्टील प्लांट में पिघला हुआ लोहा गिरने से श्रमिक जिंदा जल गया, लेकिन मृतक की गरीबी के चलते न तो सत्ता पक्ष की तरफ से संवेदना के शब्द आए, न ही विपक्ष की तरफ से आवाज़ उठी। सरकार की ओर से फौरी तौर पर राहत का कोई बड़ा ऐलान भी सुनाई नहीं पड़ा है। कई बड़े नेताओं को तो घटनाक्रम की जानकारी तक नहीं है। अगर यही हादसा चुनावी सीजन में हुआ होता तो शायद राहत पैकेज और संवेदना की बाढ़ आ जाती और विपक्ष का हो – हल्ला जमकर सुनाई देता। खैर, मृतक के परिजन विधि का विधान और अपनी नियति मानकर खुद को सांत्वना देने में जुटे हैं।
——-
उगाते जैविक और खाते रासायनिक

दक्षिण बस्तर जिला दंतेवाड़ा के किसान अपनी खेतों में बिना रासायनिक खाद और कीटनाशक के धान की फसल उगाते आ रहे हैं । बीते करीब एक दशक से यह पूर्णतः जैविक कृषि जिला बनने की ओर अग्रसर है। इसके नाम पर यहां रासायनिक उर्वरक और कीटनाशकों का उपयोग और बिक्री पर बैन है। यही जैविक उपज वाला धान जब सोसाइटी में बिकता है, तब डायरेक्ट यहीं मिलिंग करने की बजाय दूसरे जिले में भेजा जाता है। उधर से रासायनिक खेती वाला धान मिलिंग होकर यहां के राशन दुकानों में पहुंचता है। जिसे जैविक खेती करने वाले किसान ही खरीदकर खाते हैं। यानि जैविक विधि से फसल उगाना और रासायनिक उपज वाले धान का चावल खाना किसानों की मजबूरी है। यह गणित सारे किसानों की समझ में नहीं आता है कि उनका उगाया हुआ जैविक कृषि वाला धान आखिर जाता कहां है? जिले के किसान जैविक उपज वाले धान का समर्थन मूल्य अलग से घोषित करने और अधिक दाम दिलाने की मांग करते थक चुके, उस पर कोई सुनवाई तो होती नहीं, कम से कम जिले का धान इसी जिले में ही उपयोग का कोई फॉर्मूला ही बन जाता, तो लोगों को कुछ फायदा मिलता।

——-
एमएलए की फटकार पर सीएमओ भारी

बैलाडीला के लौह नगरी बचेली में एनएमडीसी द्वारा कई सार्वजनिक रास्तों पर लगाए जा गेट के विरोध में स्थानीय विधायक तगड़ी फटकार लगाकर आए तो लगा मामला यहीं खत्म हो गया। लेकिन एनएमडीसी अफसरों ने बड़ी चतुराई से नगर पालिका को ही सेट कर लिया। साम – दाम – दंड – भेद की नीति काम कर गई। पालिका सीएमओ ने एनओसी दे दी। भारी जन विरोध और विधायक की चेतावनी को दरकिनार करके एनएमडीसी ने पहले से दोगुनी संख्या में गेट का निर्माण शुरू कर दिया। अब पब्लिक हैरान है कि इस क्षेत्र में सीएमओ क्षेत्र के निर्वाचित एमएलए पर भारी कैसे पड़ गए। आखिर क्यों लोग बचेली पालिका सीएमओ की कुर्सी पाने लालायित रहते हैं, और घूम – फिरकर यहीं लौट आते हैं, यह बात तो साफ हो गई है।
———
दक्षिण बस्तर में चावल संकट

धान की बंपर पैदावार और खरीदी के बावजूद दक्षिण बस्तर की राशन दुकानों में चावल गायब है। गोदामों में भी चावल का स्टॉक नदारद है । लोग चावल के लिए भटक रहे हैं। राज्य में सस्ता चावल योजना के बूते पर सरकारें बनती बिगड़ती रही हैं। चाउर वाले बाबा के नाम से मशहूर रहे डॉ रमन ने तो सरकार बनाने की हैट्रिक भी लगा ली थी, लेकिन अब ऐसा क्या गड़बड़ झाला हो गया कि राशन दुकानों में चावल की सप्लाई ढंग से नहीं हो पा रही है, जबकि सरकार भी भाजपा की है। यह स्थिति तब है, जब राशन दुकानों की वजन मशीन को भी ऑनलाइन जोड़ने का उपक्रम भी किया जा चुका है। चावल संकट से परेशान हितग्राहियों को अब पुराने चाउर बाबा यानी चावल वाले बाबा की याद आने लगी है।
———

रीढ़ की हड्डी में दिक्कत

बैलाडीला की खदानों में खनन कर रही सार्वजनिक क्षेत्र की नवरत्न कंपनी एनएमडीसी की एल -1 और एल – 2 कैटेगरी की भर्ती प्रक्रिया पिछले कुछ समय से विवादों के चलते सुर्खियों में रही है। स्थानीय उम्मीदवारों से ये पद भरे जाने की माँग को लेकर कई बार आंदोलन हो चुके हैं, लेकिन पारदर्शिता और स्थानीय लोगों की मांग पूरी करने के मामले में गंभीरता नहीं दिखती है। वैसे, मेडिकल साइंस की भाषा में एल-1, एल-2 बैक बोन यानि रीढ़ की हड्डी के विशेष हिस्से को कहा जाता है, जिसकी वजह से इंसान की रीढ़ सीधी रह पाती है। यही फार्मूला अगर जन भावना के अनुरूप एनएमडीसी की एल-1 और एल -2 की भर्तियों पर लागू कर दुरुस्त किया जाए, तो शायद दंतेवाड़ा जिले के विकास की रीढ़ सीधी हो जाए । स्थानीय लोग अब तक सिर्फ माइंस एरिया की धूल फांकने और गरीबी में जीवन यापन करते रहने को मजबूर हैं।
——–
नक्सलवाद के बाद बढ़ा रूटीन क्राइम 

बस्तर में 4 दशक से ज्यादा समय से हावी रहे नक्सलवाद की विदाई होने से पुलिस को काफी राहत तो मिली है, लेकिन अब अचानक रूटीन क्राइम का ग्राफ बढ़ने से पुलिस परेशान है। दीवाली के सीजन में बस्तर के एक ज्वैलरी शॉप में दिनदहाड़े हुई चोरी काफी सुर्खियों में रही, जिसे पुलिस ने ट्रेसिंग और थर्मल सेंसिंग वाले ड्रोन जैसे हाईटेक तकनीक के इस्तेमाल से ज्वेल थीफ गैंग को पकड़ लिया। वहीं, एक और मामला दक्षिण बस्तर से सामने आया, जिसमें एक ज्वेलर्स ने बाइक सवारों के हाथों खुद के लुट जाने की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। गनीमत यह रही कि पुलिस जांच में 2 करोड़ की लूट का मामला फर्जी निकला। कर्ज के बोझ से दबे सराफा व्यापारी ने यह तरीका आजमाया था। कुल मिलाकर पुलिस को अब जंगल में लड़ने से राहत तो मिली है, लेकिन इसकी जगह रूटीन क्राइम इनवेस्टिगेशन पर रोज नई चुनौती का सामना करने के लिए तैयार रहना पड़ेगा।
——-
गोवर्धन पूजा पर सूने रहे गोठान

इस बार दीपावली पर गोवर्धन पूजा में दक्षिण बस्तर के गोठान सूने रह गए। पिछली भूपेश सरकार ने 22 गोठान बनवाए थे, जिसमें सरकार के एक संकेत मात्र से अधिकारी – कर्मचारी और कांग्रेसी जन गोवर्धन पूजा में शामिल होकर सेल्फी सोशल मीडिया पर अपलोड किया करते थे। सरकार बदलने के बाद गोठान अब झाड़ियों में तब्दील होते चले गए हैं। शुरुआती एक – दो साल तक तो नई सरकार में गोवर्धन पूजा की रस्म निभाई गई, लेकिन इस दीवाली पर रहा – सहा उत्साह भी गायब दिखा। कुछेक निजी आयोजन को छोड़कर इस तरह के कार्यक्रम ही नहीं हुए।
—–

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

दीवाली गिफ्ट में बम्पर पर बवाल!!..(शब्द बाण -161)

दीवाली गिफ्ट में बम्पर पर बवाल!!..(शब्द बाण -161)

साप्ताहिक व्यंग्य कॉलम शब्द बाण भाग - 161 8 नवंबर 2026 शैलेन्द्र ठाकुर । दंतेवाड़ा राज्योत्सव के पिच पर बीजेपी की बल्लेबाजी राज्योत्सव के पिच...