एनएमडीसी का पहाड़ और कांग्रेस का ऊंट .. (शब्द बाण -164)

एनएमडीसी का पहाड़ और कांग्रेस का ऊंट .. (शब्द बाण -164)

साप्ताहिक व्यंग्य कॉलम शब्द बाण भाग – 164

29 नवंबर 2026

शैलेन्द्र ठाकुर । दंतेवाड़ा

बेरोजगारों का शक्ति प्रदर्शन

बैलाडीला में एल-1, एल-2 की भर्ती का भूत एनएमडीसी का पीछा नहीं छोड़ रहा है। कभी विपक्षी दल आंदोलन करने बैठ जाते हैं, तो कभी बेरोजगार संघ के आक्रोश का शिकार होना पड़ता है। इस बार 3 जिलों के बेरोजगार युवाओं ने मिलकर चुनौती दी तो एनएमडीसी प्रबंधन के होश उड़ गए। दिल्ली में जेनजी आंदोलन से इसकी तुलना करते हुए प्रबंधन ने व्यापक तैयारियां शुरूकर दी। पहले से डीजल, पेट्रोल और रसद का भंडार इकठ्ठा कर लिया, मानों खाड़ी युद्भ जैसा कोई बड़ा और दीर्घकालिक संकट आने वाला हो। वहीं, खास रणनीति के तहत महीनों पहले से एनएमडीसी चेकपोस्ट की तरफ जाने वाले रास्तों की नाकाबंदी करने के लिए कई प्रमुख रास्तों पर लोहे के मजबूत गेट लगाए गए। स्थानीय जन प्रतिनिधियों के तगड़े प्रतिरोध के बाद भी प्रबंधन गेट लगवाकर ही माना। खैर, आंदोलन के पहले दिन एनएमडीसी प्रबंधन पिछले अनुभवों के आधार पर बचेली में मोर्चाबंदी किए बैठा रहा और अचानक ही आंदोलनकारी बेरोजगार युवा सुनियोजित रणनीति के तहत बचेली से किरंदुल रवाना हो गए और उन्होंने वहां पर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। तू डाल डाल , मै पात-पात वाला यह दांव कब तक चलेगा यह तो आने वाला वक्त ही बताएगा, लेकिन एक सवाल सबके जेहन में है कि जितनी ऊर्जा एनएमडीसी प्रबंधन आंदोलन रोकने पर खर्च कर रहा है, उतनी ही उर्जा बेरोजगारों की वाजिब मांगों और समस्याओं के निराकरण में लगाता, तो शायद यह नौबत आती ही नहीं।
———-

किस करवट बैठेगा कांग्रेस की जांच का ऊंट ?

एनएमडीसी के वेस्ट मटेरियल डंपिंग से बना कृत्रिम पहाड़ ढहने से कई किमी तक मलबा बह गया और जैव विविधता वाला कई एकड़ जंगल जमींदोज हो गया। इसकी जांच के लिए राज्य के प्रमु‌ख विपक्षी दल कांग्रेस ने जांच कमेटी गठित की है. जिसमें बस्तर के दो विधायक और एक पूर्व विधायक भी शामिल है। एनएमडीसी ने इलाके का मुआयना करने के लिए बेमन से रास्ता तो दिया, लेकिन अगले ही दिन किरंदुल परियोजना के कार्मिक जीएम को सस्पेंड भी कर दिया। जीएम का कसूर सिर्फ इतना ही था कि जांच दल और मीडिया को मौक पर पहुंचने से नहीं रोक सके। अब देखना यह है कि एनएमडीसी के पहाड़ के नीचे कांग्रेस की जांच का ऊंट किस करवट बैठता है।
———

सीएम प्रवास की सुगबुगाहट

खबर है कि राज्य के सीएम विष्णुदेव साय अगले हफ्ते दंतेवाड़ा में बस्तर विकास प्राधिकरण की बैठक लेने पहुंचने वाले हैं। उनके आने की खबर मात्र से कलेक्ट्रेट परिसर का रंग – रोगन और साफ सफाई का काम युद्ध स्तर पर शुरू हो गए है। अब देखना यह है कि शारदीय नवरात्रि पर माता का दर्शन करने से वंचित रह गए विष्णदेव इस बार दंतेवाड़ा को कोई बड़ी सौगात देते भी हैं या नहीं। राज्य गठन के बाद से दंतेवाड़ा जिला प्रायः सभी सरकारों की प्राथमिकता सूची में रहा है। कई पायलट प्रोजेक्ट्स और नवाचार यहीं से शुरू हुआ करते थे। यहां तक कि चुनाव पूर्व के विजय अभियानों की शुरूआत भी मां दंतेश्वरी के आंगन से होती रही है। लेकिन इस बार सरकार का फोकस राज्य के इस दक्षिणी छोर की बजाय उत्तरी छोर की तरफ ज्यादा दिख रहा है। इसका गणित यह है कि राज्य में भाजपा को एक बार मैदानी क्षेत्र से तो अगली बार बस्तर जैसे विषम परिस्थिति वाले इलाके से बढ़त मिलती रही है। ठीक वैसे ही, जैसे आम के पेड़ों में फलन एक सीजन छोड़कर अगले सीजन में होता है।
अब देखना यह है कि अगले आम चुनाव में यह रणनीति क्या गुल खिलाती है।
—-

कहीं का रोड़ा, कहीं का पत्थर

बस्तर ओलंपिक का आयोजन ठीक ठाक संपन्न हो जाने से प्रशासन ने राहत की सांस ली है। वैसे, ओलंपिक का यह आयोजन कहीं का रोड़ा कहीं का पत्थर .. की तरह कामचलाऊ बनकर रह गया है। कौन सा विभाग आयोजन कर्ता है और कौन सहयोगी, यह पता ही नहीं चलता। इसी गफलत का फायदा उठाकर कुछ चतुर अफसर तो अपनी रोटी सेंक ही लेते हैं। मसलन, आजाक और शिक्षा विभाग संकुल स्तर पर आयोजन करते हैं, जिन पर बच्चों को जुटाने से लेकर तमाम जिम्मेदारियां होती हैं। पंचायतें चंदा इकट्ठा करती हैं और खिलाड़ियों को आयोजन स्थल तक ढोने का खर्च ऑफ दी रिकॉर्ड तरीके से उठाती हैं, लेकिन लाखों का फंड जनपद पंचायतों के हिस्से आता है।
ओलंपिक के लिए युद्ध स्तर पर पंजीयन कर बच्चे से लेकर बुजुर्ग तक का नाम लिखवा तो दिया जाता है, ताकि ज्यादा से ज्यादा फंड आबंटित करा सकें। बाद में खिलाड़ी ढोने का काम पंचायतें अपने खर्च पर करती दिखती हैं। ऐसा ही काम खेल विभाग गरम लोहे पर हथौड़ा चलाकर कर लेता है। भले ही खिलाड़ियों को ट्रैक सूट तक न मिल सका हो। कुल मिलाकर फंड के इस खेल में काम कोई और करता है और मालामाल कोई और हो जाता है। यानि ओलंपिक में खेल कम ‘खेला’ ज्यादा होता है।
——

फिर निकला नक्सली खजाना

बस्तर में नक्सलवाद की विदाई के बाद नक्सलियों के खजाने से धन निकलने का सिलसिला जारी है। बड़े पैमाने पर कैश और हथियारों की रिकवरी हो रही है। इस बार बीजापुर जिले के जंगल में पुलिस ने सोने के बिस्कुट बरामद किया है, जिसका कुल वजन करीब साढ़े 3 किलो बताया जा रहा है। कैश को गोल्ड में बदलने की स्कीम पता नहीं कब से जारी थी, पर मोटा भाई के नक्सलमुक्त भारत वाले संकल्प ने नक्सलियों के अरमानों पर पानी फेर दिया। इससे पहले कि सारा गोल्ड फिर से कैश में कन्वर्ट कर पाते कई बड़े नक्सली लीडर या तो मारे गए या सरेंडर करने को मजबूर हो गए। अब सरेंडर नक्सलियों की निशानदेही पर जंगल में गड़ा धन बाहर निकलता जा रहा है। हालांकि इस धन को गायब करने की कोशिश में कुछ सरेंडर नक्सली और पुलिस कर्मी पकड़ाए जा चुके हैं और कैश की हेराफेरी को लेकर 2 डीएसपी स्तर के अफसरों के खिलाफ जांच भी चल रही है।
——–

सुर्खियों में आरटीओ दफ्तर

दंतेवाड़ा में परिवहन विभाग का आरटीओ दफ्तर इन दिनों सुर्खियों में है। नया लाइसेंस बनाने से लेकर रिन्यूवल, वाहनों की परमिट तक की उगाही की चर्चा है। फर्क सिर्फ इतना है कि अपना काम जल्दी निपट जाए इस फ़िक्र में लोग शिकायत नहीं करते। दफ्तर में कर्मचारी कम आरटीओ एजेंट ज्यादा बैठे दिखते हैं। अफसर मस्त रहते हैं । अब यह कसूर तो सरकार का है कि कर्मचारियों की नियुक्ति नहीं कर पा रही है, फिर वर्कलोड कम करने में मदद करने वाले एजेंट की भला क्या गलती? सरकार ने तो खर्च कम करने की गरज से आरटीओ दफ्तर को डिमोट कर डीटीओ यानी जिला परिवहन कार्यालय बना दिया है। एजेंट्स के सहयोग से स्टाफ का खर्च भी बच रहा है। इधर भले ही सड़कों पर ओवरलोड गाड़ियां ट्रैफिक नियमों को ताक पर रखकर अनाप – शनाप लाइट्स लगाकर दौड़ती रहे।
——–

धान खरीदी और कोचियों पर नकेल

धान खरीदी में सरकार लाख नियम कायदे बना ले, पर बाहर से लाकर धान खपाने वाले कोचियों पर नकेल नहीं कस पा रही है। हाल के दिनों में गीदम और बीजापुर इलाके में बड़ी मात्रा में अवैध धान पकड़ाने से यह बात साफ हो गई है। पड़ोसी राज्य उड़ीसा से धान लाकर समर्थन मूल्य पर खपाने का सिलसिला हमेशा चलता रहता है। इस बार किसानों को उनकी लिमिट पर ही बोनस देने की घोषणा से लगा था कि बाहर से धान लाकर बेचने पर रोक लगेगी, लेकिन यह नीति भी कारगर होती नहीं दिख रही है। दरअसल, सरकार खरीदी सीजन करीब आते ही सक्रिय होती है और कोचिए इस पर साल भर होम वर्क करते रहते हैं।

—-

 

 

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

स्मार्ट मीटर दे रहा बिजली का झटका.. (शब्द बाण – 163 )

स्मार्ट मीटर दे रहा बिजली का झटका.. (शब्द बाण – 163 )

साप्ताहिक व्यंग्य कॉलम शब्द बाण  भाग - 163 23 नवंबर 2026 शैलेन्द्र ठाकुर । दंतेवाड़ा स्मार्ट मीटर दे रहा झटका बिजली विभाग का स्मार्ट मीटर...